किरंदुल। उप मुख्यमंत्री अरुण साव सोमवार को किरंदुल में तहसील साहू संघ द्वारा आयोजित कर्मा महोत्सव, नवीन सामाजिक भवन नामकरण एवं लोकार्पण समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने सामाजिक पदाधिकारियों के साथ लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से निर्मित भव्य तैलीय सदन का लोकार्पण किया।
समारोह को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि किरंदुल में साहू समाज का छत्तीसगढ़ का सबसे भव्य भवन निर्मित हुआ है। उन्होंने समाज के लोगों से इस भवन का नियमित उपयोग सुनिश्चित करने की अपील करते हुए कहा कि ईमानदारी और मेहनत साहू समाज की सबसे बड़ी ताकत और पहचान है, जिसे हर हाल में बनाए रखना चाहिए।
अरुण साव ने कहा कि साहू समाज का सभी समाजों के साथ आत्मीय संबंध है और यह समाज सभी को साथ लेकर चलने की परंपरा के लिए जाना जाता है। उन्होंने कहा कि समाज के युवा आज देश-विदेश में विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। भक्त माता कर्मा के आदर्शों पर चलते हुए समाज को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ तेलघानी बोर्ड के अध्यक्ष जितेन्द्र साहू ने कहा कि तेल निकालना साहू समाज का पारंपरिक व्यवसाय रहा है और इसे पुनर्जीवित करने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि तेल निकालने की मशीनों पर सरकार द्वारा 35 प्रतिशत तक की सब्सिडी दी जा रही है, जिसका लाभ लेकर समाज के लोग आत्मनिर्भर बन सकते हैं।
दंतेवाड़ा विधायक चौतराम अटामी ने भी समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि किरंदुल में साहू समाज के लगभग 300 परिवार निवास करते हैं और समाज क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। उन्होंने समाज की मांग पर शैक्षणिक गतिविधियों के लिए एक अतिरिक्त कक्ष निर्माण की घोषणा की।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों के लिए लालाराम साहू को ‘समाजरत्न सम्मान’ से सम्मानित किया गया। वहीं माता कर्मा प्रांगण की दीवारों पर कलाकृतियां उकेरने वाले कलाकार कामता राम कोर्राम का भी सम्मान किया गया।
समारोह में किरंदुल नगर पालिका अध्यक्ष रुबी शैलेन्द्र सिंह, तहसील साहू समाज के अध्यक्ष टीकमचंद साहू, संगठन सचिव ओमप्रकाश साहू, भगवताचार्य यामिनी देवी साहू, लोक गायिका आरू साहू सहित प्रदेशभर से आए साहू समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
