भिलाई : बीएसपी टाउनशिप में मकान खाली करने के लिए नोटिस जारी होने के बाद प्रभावित परिवारों की चिंता बढ़ गई है। इस मामले को लेकर भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने प्रभावित लोगों के समर्थन में अभियान शुरू कर दिया है।
विधायक देवेंद्र यादव ने मंगलवार से सेक्टर-2 क्षेत्र से घर-घर जाकर जनसमर्थन अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने नोटिस पाने वाले परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी इस अभियान में शामिल हुए और अपना समर्थन जताया।
मीडिया से चर्चा करते हुए विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि भिलाई टाउनशिप की बसावट को खत्म करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले रिटेंशन स्कीम के माध्यम से मकान खाली कराने का प्रयास किया गया और अब लीजधारकों व लाइसेंस धारकों को हटाने की तैयारी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि वे सभी प्रभावित परिवारों से मिलेंगे और उनसे समर्थन पत्र भी लेंगे। इन समर्थन पत्रों के माध्यम से प्रधानमंत्री कार्यालय और केंद्रीय इस्पात मंत्री के सामने इस मुद्दे को रखा जाएगा।
विधायक ने कहा कि जरूरत पड़ने पर इस मामले को बड़े जनआंदोलन का रूप दिया जाएगा, जो पूरी तरह लोकतांत्रिक और गांधीवादी तरीके से किया जाएगा।
उन्होंने दावा किया कि इस फैसले से 10 हजार से अधिक परिवार प्रभावित हो सकते हैं। विधायक ने आशंका जताई कि भविष्य में टाउनशिप के बड़े हिस्से को खाली कर निजी संस्थाओं या बिल्डरों को सौंपने की योजना हो सकती है।
देवेंद्र यादव ने कहा कि भिलाई सिर्फ एक औद्योगिक शहर नहीं है, बल्कि वर्षों से यहां रहने वाले लोगों की पहचान और भावनाओं से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि टाउनशिप को बचाने के लिए वे हर स्तर पर लड़ाई लड़ेंगे।
