धमतरी नगर निगम के मेयर और 40 पार्षदों ने ली शपथ, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ भव्य समारोह
धमतरी। धमतरी नगर निगम के नवनिर्वाचित महापौर रामू रोहरा और 40 वार्डों के पार्षदों ने शनिवार को शपथ ग्रहण किया। यह भव्य समारोह इनडोर स्टेडियम में आयोजित किया गया, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शपथ ग्रहण की प्रक्रिया पूरी हुई। इस मौके पर प्रदेश के प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा, महासमुंद लोकसभा सांसद और जिले के अन्य वरिष्ठ नेता भी उपस्थित रहे।
नगर निगम कार्यालय पहुंचकर किया शुद्धिकरण
शपथ लेने के बाद महापौर रामू रोहरा नगर निगम कार्यालय पहुंचे और वहां विधिवत शुद्धिकरण किया। इसके बाद उन्होंने पदभार संभालते हुए नगर के विकास को प्राथमिकता देने की बात कही।
महापौर को तराजू में तौला गया, किया चावल-दाल का दान
शपथ ग्रहण के बाद पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन करते हुए महापौर रामू रोहरा को तीन बोरी चावल और दाल से तराजू में तौला गया, जिसके बाद इन खाद्य सामग्रियों को जरूरतमंदों में दान किया गया।
अब शहर के विकास पर रहेगी नजर
शपथ ग्रहण के बाद महापौर ने नगर निगम में कामकाज शुरू कर दिया है। उन्होंने शहर की बेहतरी के लिए जनता के सुझावों को प्राथमिकता देने और नगर विकास में तेजी लाने का संकल्प लिया। अब देखना होगा कि वे अपने वादों पर खरे उतरते हैं या अन्य जनप्रतिनिधियों की तरह केवल आश्वासन ही देते हैं।
