ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा जोनास की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘Varanasi’ को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्सुकता बढ़ती जा रही है। इसी बीच उनके पति और अमेरिकी सिंगर-अभिनेता निक जोनास ने फिल्म और प्रियंका की मेहनत की खुलकर सराहना की है।
‘द ज़ैक सैंग शो’ में बातचीत के दौरान निक जोनास ने कहा, “प्रियंका पिछले करीब 14 महीनों से रुक-रुक कर इस फिल्म की शूटिंग कर रही हैं। यह एस.एस. राजामौली की अगली बड़ी फिल्म है। उन्होंने ‘RRR’ डायरेक्ट की थी और यह प्रोजेक्ट भी बेहद ज़बरदस्त होने वाला है।” निक के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर फैंस का उत्साह और बढ़ गया है।
भारतीय सिनेमा में प्रियंका की वापसी
‘Varanasi’ के जरिए प्रियंका चोपड़ा कई वर्षों बाद भारतीय सिनेमा में वापसी कर रही हैं। फिल्म में वह ‘मंदाकिनी’ नामक किरदार निभा रही हैं। जारी किए गए फर्स्ट-लुक पोस्टर में प्रियंका पीली साड़ी और हाथ में पिस्तौल के साथ एक दमदार एक्शन अवतार में नजर आई थीं, जिसने फिल्म को लेकर उत्सुकता को और बढ़ा दिया।
स्टारकास्ट और कहानी
फिल्म में महेश बाबू ‘रुद्र’ के किरदार में मुख्य भूमिका निभा रहे हैं, जो समय की सीमाओं से परे एक मिशन पर निकला साहसी एक्सप्लोरर है। वहीं पृथ्वीराज सुकुमारन खलनायक ‘कुंभा’ की भूमिका में नजर आएंगे। व्हीलचेयर पर बैठे कुंभा का फर्स्ट-लुक पहले ही जारी हो चुका है, जिसमें उन्हें एक रहस्यमयी और खतरनाक शक्ति के रूप में पेश किया गया है।
राजामौली के विजन और भव्य निर्देशन के चलते ‘Varanasi’ को लेकर इंडस्ट्री में बड़ी उम्मीदें जताई जा रही हैं। फिल्म की रिलीज में अभी समय है, लेकिन स्टारकास्ट, एक्शन और स्केल को देखते हुए इसे साल की सबसे बड़ी फिल्मों में गिना जा रहा है।
