बिरसा मुंडा हॉकी स्टेडियम में फ्लडलाइट्स के बीच खेले गए मुकाबले में भारतीय पुरुष हॉकी टीम को नई एफआईएच प्रो लीग सीजन की शुरुआत हार के साथ करनी पड़ी। भारत को बेल्जियम के खिलाफ 1-3 से शिकस्त झेलनी पड़ी।
दूसरे क्वार्टर में चूक पड़ी भारी
पहले क्वार्टर में दोनों टीमों ने संतुलित खेल दिखाया। हालांकि दूसरे क्वार्टर में भारत की एक गलती महंगी साबित हुई। कप्तान हरमनप्रीत सिंह के गलत पास का फायदा उठाते हुए 23वें मिनट में नेल्सन ओनाना ने गोल कर बेल्जियम को 1-0 की बढ़त दिला दी।
शिलानंद लाकड़ा की बराबरी
भारत ने जल्द ही जवाब दिया। पांच मिनट बाद शिलानंद लाकड़ा ने पेनल्टी कॉर्नर हासिल कराया और रिबाउंड पर गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया। पूरे मुकाबले में लाकड़ा भारतीय टीम के सबसे सक्रिय खिलाड़ियों में रहे।
अंतिम क्वार्टर में बेल्जियम का दबदबा
तीसरे क्वार्टर में दोनों टीमों को मौके मिले, लेकिन गोल नहीं हो सका। निर्णायक क्षण आखिरी क्वार्टर में आया। 53वें मिनट में रोमन डुवेकोट के पास पर थॉमस क्रोल्स ने जोरदार शॉट लगाकर गोलकीपर सूरज कारकेरा को छकाया और स्कोर 2-1 कर दिया।
इसके बाद 57वें मिनट में अर्नो वान डेसल ने नजदीक से गोल दागकर मुकाबला 3-1 से बेल्जियम के पक्ष में लगभग तय कर दिया।
इस जीत के साथ बेल्जियम ने प्रो लीग में छह में से पांचवां मैच जीतकर तालिका में शीर्ष स्थान मजबूत किया।
अब अर्जेंटीना से टक्कर
भारतीय टीम के मुख्य कोच क्रेग फुल्टन के लिए यह मुकाबला कई सीख छोड़ गया। अब भारत का अगला मैच गुरुवार को अर्जेंटीना के खिलाफ है, जहां टीम घरेलू दर्शकों के सामने बेहतर प्रदर्शन कर वापसी की उम्मीद करेगी।
