Japan Election 2026 PM Sanae Takaichi : जापानी प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची ने रविवार को ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। उनके नेतृत्व वाले गठबंधन ने मतदान समाप्त होने के दो घंटे से भी कम समय में बहुमत के लिए आवश्यक 233 सीटों का आंकड़ा पार कर लिया। इस जीत के साथ उनकी पार्टी लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (LDP) ने अब तक के अपने सर्वोत्तम प्रदर्शन में से एक हासिल किया है।
LDP को बड़ी जीत
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मतदान खत्म होने के दो घंटे बाद ही LDP ने बहुमत के लिए जरूरी 233 सीटें पार कर लीं। 465 सदस्यीय संसद में ताकाइची की पार्टी को 312 सीटें मिलीं, जो बहुमत के आंकड़े 233 से काफी अधिक हैं। इस शानदार जीत पर कई देशों के नेता और प्रधानमंत्री ने PM ताकाइची को बधाई दी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और भारत के पीएम नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया के जरिए उन्हें जीत की शुभकामनाएं दीं।

ताकाइची की व्यक्तिगत लोकप्रियता
जापान में अभी भी 86 सीटों पर गिनती जारी है, जिनमें से 50 से अधिक सीटों पर LDP आगे चल रही है। विपक्षी पार्टियों को अब तक सिर्फ 68 सीटें ही मिली हैं। अक्टूबर में जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री बनने के बाद ताकाइची ने विपक्षी विरोध का सामना किया था। जबकि विपक्षी पार्टियों की लोकप्रियता कम थी, PM ताकाइची व्यक्तिगत रूप से काफी लोकप्रिय मानी जाती हैं। इसी वजह से उन्होंने अचानक चुनाव कराने का ऐलान किया, जो अब सही साबित हुआ।
भावुक अपील ने जीता जनता का दिल
चुनाव के दौरान PM ताकाइची ने कहा था कि यदि उनकी पार्टी को बहुमत नहीं मिलता, तो वह पीएम पद से इस्तीफा दे देंगी। उनकी यह भावुक अपील जनता पर गहरा असर करने वाली साबित हुई और जनता ने उन्हें भरपूर समर्थन देकर इतिहासिक जीत दिलाई। जापानी मीडिया के अनुसार, विपक्षी पार्टियां उनकी इस अपील का मुकाबला नहीं कर पाईं और उन्हें करारी हार का सामना करना पड़ा।
