तीन दिवसीय जिला स्तरीय सरगुजा ओलंपिक का हुआ समापन
आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम गुरुवार को तीन दिवसीय जिला स्तरीय सरगुजा ओलंपिक के समापन समारोह में शामिल हुए। समारोह स्थानीय स्वामी आत्मानंद हिन्दी माध्यम विद्यालय के खेल मैदान में आयोजित किया गया। 10 से 12 फरवरी 2026 तक आयोजित इस खेल महोत्सव में ग्रामीण और शहरी अंचलों के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
समापन अवसर पर मंत्री नेताम ने कहा कि सरगुजा ओलंपिक खेल प्रतिभाओं को निखारने का सशक्त माध्यम बनकर उभरा है। इस आयोजन से विशेष रूप से आदिवासी अंचल के युवाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने का अवसर मिला है। उन्होंने चयनित खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास कर संभाग एवं राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हुए शुभकामनाएं दीं। सरगुजा ओलंपिक में कुल 67,380 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
मंत्री नेताम ने खेल मैदान में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। शंकरगढ़ एवं बलरामपुर के मध्य आयोजित बालिका रस्साकसी प्रतियोगिता में पहुंचकर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका मनोबल बढ़ाया। तीरंदाजी प्रतियोगिता का अवलोकन करते हुए स्वयं भी तीर चलाकर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में विजेता प्रतिभागियों को शील्ड और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समापन समारोह में पिछड़ा वर्ग आयोग सदस्य कृष्णा गुप्ता, रेडक्रॉस सोसायटी अध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल, नगरपालिका अध्यक्ष लोधीराम एक्का, उपाध्यक्ष दिलीप सोनी, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष भानूप्रकाश दीक्षित, कलेक्टर राजेंद्र कटारा, पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर, वनमंडलाधिकारी आलोक वाजपेयी, जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर, अपर कलेक्टर व बलरामपुर एसडीएम अभिषेक गुप्ता, जिला शिक्षा अधिकारी एम.आर. यादव, जिला खेल अधिकारी मारकूस कुजूर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, खिलाड़ी एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।
जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए खिलाड़ियों ने खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लिया। जिला स्तरीय ओलंपिक में कुल 12 खेल विधाओं का आयोजन किया गया। व्यक्तिगत खेलों में एथलेटिक्स (100, 200, 400 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, जैवलिन थ्रो, 400 मीटर रिले), तीरंदाजी (इंडियन राउंड), बैडमिंटन, कुश्ती एवं कराटे शामिल रहे। वहीं दलीय खेलों में फुटबॉल, हॉकी, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, रस्साकसी और बास्केटबॉल का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताएं जूनियर वर्ग (14 से 17 वर्ष) एवं सीनियर वर्ग (18 वर्ष से अधिक) में आयोजित की गईं।
