25 फरवरी तक चलेगा सामूहिक दवा सेवन अभियान, आमजन से सहयोग की अपील
जिले में राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत सामूहिक दवा सेवन (एमडीए) महाभियान का शुभारंभ शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र महासमुंद में किया गया। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने हितग्राहियों को फाइलेरिया रोधी एल्बेंडाजोल एवं डीईसी की दवा खिलाकर अभियान की शुरुआत की और लोगों को नियमित दवा सेवन के लिए प्रेरित किया।
यह महाभियान जिले में 25 फरवरी 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीम शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर जाकर पात्र नागरिकों को दवा का सेवन कराएगी तथा फाइलेरिया से बचाव और आवश्यक सावधानियों के संबंध में जागरूक करेगी।
कलेक्टर लंगेह ने कहा कि फाइलेरिया मच्छरों के काटने से फैलने वाली गंभीर बीमारी है, लेकिन समय पर दवा सेवन और जनजागरूकता के माध्यम से इसे समाप्त किया जा सकता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा वितरित दवाओं का अनिवार्य रूप से सेवन करें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें, ताकि महासमुंद को फाइलेरिया मुक्त बनाया जा सके। शासन की मंशा है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक दवा पहुंचे और कोई भी वंचित न रहे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई. नागेश्वर राव ने बताया कि फाइलेरिया शरीर के लसीका तंत्र को प्रभावित करने वाली बीमारी है, जिससे लंबे समय में हाथ-पैर या अन्य अंगों में असामान्य सूजन (हाथीपांव) हो सकती है। इससे पीड़ित व्यक्ति को बार-बार बुखार, सूजन और दर्द जैसी समस्याएं होती हैं। यह बीमारी मच्छरों के माध्यम से फैलती है।
जिला कार्यक्रम प्रबंधक नीलू धृतलहरे ने बताया कि अभियान के प्रारंभिक चरण में आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूलों, शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर बूथ लगाकर दवा सेवन कराया जाएगा।
जिला नोडल अधिकारी डॉ. वी.पी. सिंह ने नागरिकों से स्वास्थ्य कर्मियों का सहयोग करने और अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों को दवा अवश्य सेवन कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामूहिक दवा सेवन, मच्छरों से बचाव और स्वच्छता बनाए रखना ही फाइलेरिया से बचाव का प्रभावी उपाय है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा वितरित दवाएं सुरक्षित हैं और चिकित्सकीय निर्देशानुसार सेवन से बीमारी की रोकथाम संभव है।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, मितानिन तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
