एआई, साइबर सुरक्षा और हेल्पलाइन 1930 पर दी गई विस्तृत जानकारी
डिजिटल युग में सुरक्षित व्यवहार अपनाने का दिया गया संदेश
गरियाबंद, कलेक्टर बीएस उइके के निर्देश पर कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में सुरक्षित इंटरनेट दिवस (Safer Internet Day) के अवसर पर जिला स्तरीय जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
एनआईसी के उपनिदेशक ने इंटरनेट के सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग तथा साइबर अपराधों से बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने इंटरनेट की मूल अवधारणा, दैनिक जीवन में इसके बढ़ते उपयोग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के सुरक्षित एवं जिम्मेदार इस्तेमाल, एआई से जुड़े संभावित साइबर खतरे, साइबर हाइजीन प्रैक्टिसेज तथा साइबर अपराध रिपोर्टिंग तंत्र की जानकारी साझा की।
कार्यक्रम में बताया गया कि इंटरनेट आज डिजिटल युग में जीवन का अभिन्न हिस्सा बन चुका है, लेकिन इसके साथ साइबर धोखाधड़ी, फिशिंग, डेटा चोरी और ऑनलाइन ठगी जैसे खतरे भी बढ़े हैं। किसी भी प्रकार की साइबर घटना होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने तथा अधिकृत वेबसाइट www.staysafeonline.in का उपयोग करने की अपील की गई।

ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर मिथिलेश देवांगन ने एआई के बढ़ते उपयोग, उससे जुड़े संभावित जोखिमों और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के महत्व पर प्रस्तुतीकरण दिया। कार्यशाला के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने प्रश्न पूछकर आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम के माध्यम से डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और साइबर सतर्कता को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
