छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कबीरधाम जिले के पंडरिया विकासखंड अंतर्गत ग्राम क्षीरपानी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) के बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने के लिए 25 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। यह राशि मुख्यमंत्री उन्नयन कोष से स्वीकृत की गई है। स्वीकृत राशि से स्वास्थ्य केंद्र में बाउंड्रीवॉल निर्माण और आवश्यक मरम्मत कार्य कराए जाएंगे। इससे स्वास्थ्य केंद्र की आधारभूत सुविधाओं में सुधार होने के साथ परिसर की सुरक्षा और व्यवस्था भी बेहतर होगी।
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल आज ग्राम क्षीरपानी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के विकास के लिए 25 लाख रुपये की स्वीकृति की घोषणा की।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में बेहतर और सुलभ उपचार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में अधोसंरचना विकास से ग्रामीणों को मिलेगा लाभ
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की अधोसंरचना और आवश्यक सुविधाओं का विकास होने से लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। इससे ग्रामीण नागरिकों को सामान्य उपचार के लिए दूरस्थ क्षेत्रों में जाने की आवश्यकता भी कम होगी।
क्षीरपानी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में बाउंड्रीवॉल निर्माण और मरम्मत कार्यों से स्वास्थ्य केंद्र का परिसर अधिक सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनेगा। राज्य सरकार ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने और आम नागरिकों को सुलभ उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रही है।
