मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से आज जांजगीर-चांपा जिले की पर्वतारोही अमिता श्रीवास ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने विश्व की सर्वोच्च चोटी माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा फहराने की ऐतिहासिक उपलब्धि पर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर विधायक श्रीमती गोमती साय भी उपस्थित थीं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि अमिता श्रीवास ने अपने साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति, अनुशासन और अटूट संकल्प के बल पर माउंट एवरेस्ट फतह कर न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश के लिए गर्व और सम्मान का विषय है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद लक्ष्य के प्रति समर्पण और निरंतर प्रयास से असंभव प्रतीत होने वाले लक्ष्य भी हासिल किए जा सकते हैं। अमिता श्रीवास की सफलता प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
उल्लेखनीय है कि जांजगीर-चांपा जिले की रहने वाली अमिता श्रीवास ने 22 मई को समुद्र तल से 8,848.86 मीटर ऊंची विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा फहराकर छत्तीसगढ़ और देश का नाम रोशन किया।
