मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के विकसित भारत के विज़न के साथ कदमताल करते हुए छत्तीसगढ़ भी विकसित भारत का हिस्सा बनेगा। रायपुर के ओमाया गार्डन में आयोजित छत्तीसगढ़ केयर कनेक्ट कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश अब केवल कोर सेक्टर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि हेल्थकेयर, वेलनेस और पर्यटन के क्षेत्र में भी राष्ट्रीय पहचान बनाएगा।

कार्यक्रम में 3,119 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनसे 7,000 से अधिक रोजगार अवसर सृजित होंगे। इनमें से 2,466 करोड़ रुपये का निवेश स्वास्थ्य सेवाओं और 652 करोड़ रुपये का निवेश होटल और पर्यटन क्षेत्र में प्रस्तावित है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में नई औद्योगिक नीति लागू होने के बाद निवेशकों का भरोसा तेजी से बढ़ा है। मात्र 10 महीनों में ही प्रदेश को 7 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश Ease of Doing Business से आगे बढ़कर Speed of Doing Business के युग में प्रवेश कर चुका है।
स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा निवेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ केयर कनेक्ट में अस्पतालों और हेल्थकेयर क्षेत्र में 11 बड़े प्रस्ताव सामने आए हैं। इनमें रायपुर का गिन्नी देवी गोयल मणिपाल हॉस्पिटल (500 बेड), नीरगंगा हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर (450 बेड), बॉम्बे हॉस्पिटल (300 बेड) और माँ पद्मावती इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (750 बेड) जैसे प्रोजेक्ट शामिल हैं। इन निवेशों से लगभग 6,000 रोजगार अवसर सृजित होंगे।
नवा रायपुर में विकसित हो रहा मेडिसिटी प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर का बड़ा मेडिकल हब बनाएगा। साथ ही फार्मा हब तैयार करने की दिशा में भी तेजी से काम किया जा रहा है।

पर्यटन और होटल सेक्टर में निवेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर और प्राकृतिक विविधता पर्यटन उद्योग के लिए अपार अवसर प्रदान करती है। कार्यक्रम में होटल और पर्यटन क्षेत्र से 652 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिनमें वेस्टिन होटल रायपुर (212.7 करोड़ रुपये), होटल जिंजर, इन्फेरियन होटल एंड रिसॉर्ट, और अम्यूज़ोरामा अम्यूज़मेंट पार्क एंड होटल शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि पर्यटन को उद्योग का दर्जा दिया गया है, जिससे निवेशकों को विशेष लाभ मिलेगा।
एआई और पावर सेक्टर में छत्तीसगढ़ की भूमिका
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि नवा रायपुर में एआई डाटा सेंटर पार्क का निर्माण किया जा रहा है, जिससे छत्तीसगढ़ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डाटा मैनेजमेंट का हब बनेगा। वहीं ऊर्जा क्षेत्र में छत्तीसगढ़ देश का पावर हब बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

निवेश प्रक्रिया में सरलता
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सिंगल विंडो ‘वन क्लिक’ सिस्टम लागू है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि दिल्ली इन्वेस्टर्स समिट के बाद पालीमैटेक कंपनी को तीन माह से भी कम समय में भूमि आवंटन और सभी स्वीकृतियां देकर 1,100 करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट शुरू कराया गया।
मुख्यमंत्री ने निवेशकों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि सरकार नई औद्योगिक नीति के तहत हर संभव सहयोग देगी और छत्तीसगढ़ में विकास का नया अध्याय लिखा जाएगा।
इस अवसर पर उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन, छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम के अध्यक्ष श्री राजीव अग्रवाल, पर्यटन मंडल के अध्यक्ष श्री नीलू शर्मा, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और सीआईआई के चेयरमैन श्री संजय जैन सहित बड़ी संख्या में अतिथि उपस्थित रहे।
