एमसीबी। जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। खनिज विभाग की उड़नदस्ता टीम ने खड़गवां और मनेन्द्रगढ़ क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाकर अवैध रूप से रेत और गिट्टी का परिवहन कर रहे 5 ट्रैक्टरों को जब्त किया है।
जानकारी के अनुसार, 1 जुलाई 2026 को खड़गवां क्षेत्र के ठग्गांव में जांच के दौरान 2 ट्रैक्टर गिट्टी और 1 ट्रैक्टर रेत का अवैध परिवहन करते पाए गए, जिन्हें मौके पर ही जब्त कर थाना खड़गवां में सुरक्षित रखा गया है।
इसी तरह मनेन्द्रगढ़ क्षेत्र में भी रेत और गिट्टी का अवैध परिवहन करते पाए गए 2 अन्य ट्रैक्टरों को जब्त कर कलेक्टोरेट परिसर में खड़ा कराया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी जब्त वाहनों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 के तहत नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
