जशपुर जिले के दुलदुला और बंदरचुवा में आधुनिक बस स्टैंड निर्माण कार्य तेजी से जारी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जिले में आधारभूत अधोसंरचना को मजबूत करने के साथ आम नागरिकों के लिए बेहतर यातायात सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
कलेक्टर रोहित व्यास ने गुरुवार को दोनों निर्माणाधीन बस स्टैंडों का निरीक्षण किया और कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण एजेंसी को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बस स्टैंड परिसर में बन रही दुकानों, शौचालयों, प्रतीक्षालय और अन्य यात्री सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप हों ताकि यात्रियों को लंबे समय तक बेहतर सुविधाओं का लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि बस स्टैंड में पर्याप्त बैठने की व्यवस्था, स्वच्छ शौचालय, सुरक्षित परिसर और सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। बस स्टैंड को केवल वाहनों के ठहराव का स्थान नहीं, बल्कि एक सुविधाजनक और स्वच्छ सार्वजनिक परिसर के रूप में विकसित किया जाए।
जानकारी के अनुसार, दुलदुला और बंदरचुवा में दोनों बस स्टैंडों का निर्माण लगभग एक-एक करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। निर्माण पूरा होने के बाद जशपुर, कुनकुरी, पत्थलगांव सहित आसपास के क्षेत्रों के हजारों यात्रियों को आधुनिक और सुरक्षित यात्री सुविधाएं मिलेंगी, साथ ही स्थानीय व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा।
कलेक्टर ने अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए और कहा कि परियोजना को शीघ्र पूरा कर जनता के उपयोग के लिए उपलब्ध कराया जाए।
