नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमरनाथ यात्रा के शुभारंभ पर श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए यात्रा को भारत की आस्था, संस्कृति और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि बाबा बर्फानी की यह पवित्र यात्रा ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करती है और सभी श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित एवं मंगलमय हो।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा संदेश में यात्रियों से पांच संकल्प अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान स्वच्छता बनाए रखें, सुरक्षा नियमों और यातायात निर्देशों का पालन करें, जम्मू-कश्मीर के स्थानीय दुकानदारों से खरीदारी कर स्थानीय अर्थव्यवस्था को सहयोग दें, यात्रा पूरी होने के बाद अपने परिवार या किसी प्रियजन के नाम पर एक पौधा लगाएं तथा पूरी यात्रा के दौरान प्रेम, एकता और भाईचारे की भावना बनाए रखें।
प्रधानमंत्री ने सेना, पुलिस, डॉक्टरों, सफाईकर्मियों और प्रशासनिक अधिकारियों का भी आभार जताया, जो यात्रा को सुरक्षित और सुचारु बनाने में दिन-रात जुटे हुए हैं। उन्होंने जम्मू-कश्मीर के लोगों की भी सराहना की, जो हर वर्ष श्रद्धालुओं का स्वागत करते हैं।
गौरतलब है कि 57 दिनों तक चलने वाली अमरनाथ यात्रा शुक्रवार से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई है। यह यात्रा 28 अगस्त तक चलेगी। श्रद्धालु पारंपरिक पहलगाम मार्ग और बालटाल मार्ग के जरिए पवित्र अमरनाथ गुफा तक पहुंचकर बाबा बर्फानी के दर्शन करेंगे।
