तेहरान। ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई को अंतिम विदाई देने के लिए राजधानी तेहरान में हजारों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। ग्रैंड मोसल्ला में आयोजित राजकीय श्रद्धांजलि समारोह में देश-विदेश के गणमान्य लोग शामिल हुए और दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की। भारत के प्रतिनिधिमंडल ने भी समारोह में पहुंचकर सम्मान व्यक्त किया।
खामेनेई के पार्थिव शरीर को पहली बार सार्वजनिक रूप से श्रद्धांजलि के लिए रखा गया, जहां समर्थकों की भारी भीड़ उन्हें अंतिम सलाम देने पहुंची। पूरे परिसर में शोक का माहौल रहा और लोगों ने अपने दिवंगत नेता के प्रति भावनाएं व्यक्त कीं।
ईरान सरकार ने अंतिम संस्कार को लेकर राजधानी में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। कई इलाकों में यातायात प्रतिबंध लागू किए गए हैं, जबकि अंतिम यात्रा के दौरान तेहरान के हवाई क्षेत्र पर भी अस्थायी रोक लगाई गई है।
अधिकारियों के अनुसार, अंतिम संस्कार की रस्में कई दिनों तक चलेंगी। तेहरान में श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद पार्थिव शरीर को क़ोम, नजफ़ और कर्बला ले जाया जाएगा। इसके बाद 9 जुलाई को उनके जन्मस्थान मशहद में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।
गौरतलब है कि अयातुल्ला अली खामेनेई लंबे समय तक ईरान के सर्वोच्च नेता रहे और देश की राजनीति तथा धार्मिक नेतृत्व में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके निधन के बाद पूरे ईरान में शोक का माहौल है।
