विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर बेमेतरा जिला चिकित्सालय में मधुमेह के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस वर्ष की थीम “Early Action on Diabetes” यानी मधुमेह पर शीघ्र कार्रवाई रखी गई है। इसका उद्देश्य बीमारी की समय पर पहचान, जल्द उपचार और लोगों को इसके लक्षणों एवं बचाव के प्रति जागरूक करना है।
कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई के निर्देशन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शरद कोहाड़े और सिविल सर्जन डॉ. लोकेश साहू के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मधुमेह जागरूकता प्रचार रथ रवाना किया गया। सिविल सर्जन डॉ. लोकेश साहू सहित उपस्थित अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर रथ को रवाना किया। इसके माध्यम से लोगों को मधुमेह की शीघ्र जांच और समय पर उपचार के प्रति जागरूक किया जाएगा।
कार्यक्रम में एमडी मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. स्मिता श्रीवास्तव ने मधुमेह के कारण, लक्षण, बचाव और संतुलित आहार के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने खान-पान में आवश्यक सावधानियों के बारे में भी बताया।
बच्चों में टाइप-1 डायबिटीज पर विशेष ध्यान
शिशु रोग विशेषज्ञ एवं बाल मधुमेह (टाइप-1 डायबिटीज) के नोडल अधिकारी डॉ. नितेश चौबे ने बच्चों में होने वाले टाइप-1 डायबिटीज के लक्षण, उपचार और नियमित देखभाल के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बच्चों में इस बीमारी की समय पर पहचान और उचित उपचार बेहद जरूरी है।
एनसीडी नोडल अधिकारी डॉ. कमल कांत मेश्राम ने मधुमेह की रोकथाम, नियमित जांच और उपचार के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं WJCF फाउंडेशन की डॉ. स्वाति शर्मा ने बताया कि जिला चिकित्सालय में बच्चों के टाइप-1 डायबिटीज की जांच, उपचार और परामर्श के लिए प्रत्येक बुधवार को विशेष क्लीनिक संचालित की जाती है। इस क्लीनिक को WJCF फाउंडेशन की ओर से तकनीकी सहयोग दिया जा रहा है।
जिला अस्पताल में निःशुल्क जांच की सुविधा
कार्यक्रम के समापन पर सिविल सर्जन डॉ. लोकेश साहू ने बताया कि जिला चिकित्सालय में मधुमेह की निःशुल्क जांच की सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि मधुमेह के संभावित लक्षण दिखाई देने पर जांच कराने में देरी न करें। संदिग्ध मरीजों को जांच और आवश्यक उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लेकर आएं।
उन्होंने विशेष रूप से बच्चों में टाइप-1 डायबिटीज की पहचान और उपचार के लिए प्रत्येक बुधवार को संचालित विशेष क्लीनिक का लाभ लेने की अपील की।
कार्यक्रम में जिला अस्पताल के एनसीडी काउंसलर, एनसीडी स्टाफ नर्स, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि मधुमेह से बचाव और नियंत्रण के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच कराएं, संतुलित आहार लें, शारीरिक गतिविधियों को दिनचर्या में शामिल करें और जरूरत पड़ने पर समय पर उपचार लें। मधुमेह की शीघ्र पहचान स्वस्थ जीवन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
