रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, संतुलित मन और अनुशासित जीवन का आधार है। उन्होंने प्रदेशवासियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ नागरिक ही विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति हैं।
मुख्यमंत्री साय राजधानी रायपुर के सर्किट हाउस में आयोजित छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष संजय अग्रवाल के पदभार ग्रहण एवं अभिनंदन समारोह में शामिल हुए। उन्होंने संजय अग्रवाल को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में योग आयोग प्रदेशभर में योग के प्रचार-प्रसार को नई गति देगा और गांव-गांव, विद्यालयों तथा समाज के हर वर्ग तक योग पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से भारत की प्राचीन योग परंपरा को वैश्विक पहचान मिली है। आज 176 से अधिक देशों में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है, जो भारतीय संस्कृति और ज्ञान परंपरा के सम्मान का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से छत्तीसगढ़ में आयुर्वेद एम्स की स्थापना का आग्रह किया गया है। राज्य का लगभग 44 प्रतिशत वन क्षेत्र औषधीय वनस्पतियों से समृद्ध है, जिससे भविष्य में छत्तीसगढ़ आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा और वेलनेस पर्यटन का प्रमुख केंद्र बन सकता है।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल सहित जनप्रतिनिधियों ने भी योग को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया और संजय अग्रवाल के नेतृत्व में योग आयोग की प्रभावी भूमिका की उम्मीद जताई।
