धमतरी : जिले के नगरी क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां मजदूरी न बढ़ाने और आपसी विवाद के चलते नाबालिग समेत पांच मजदूरों ने मिलकर अपने ही मछली व्यवसायी मालिक की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपियों ने नकदी और मोबाइल लूटकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, 55 वर्षीय विप्लव मंडल, जो मूल रूप से कोलकाता के रहने वाले थे और वर्तमान में गरियाबंद के बोईरगांव में निवास कर मछली व्यवसाय करते थे, नगरी क्षेत्र में फिश फार्म का संचालन कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि उनके यहां काम करने वाले मजदूर लंबे समय से मजदूरी बढ़ाने की मांग कर रहे थे। लेकिन विवाद बढ़ने पर मामला तनावपूर्ण हो गया और मजदूरों में आक्रोश फैल गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने 25 जून को हत्या की योजना बनाई थी, लेकिन वह सफल नहीं हो सकी। इसके बाद 27 जून को सुनियोजित तरीके से उन्होंने वारदात को अंजाम दिया।
घटना के दिन व्यवसायी विप्लव मंडल अपने साथी चुम्मन यादव के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान गोरेगांव–भैंसमुड़ा मार्ग के सुनसान जंगल में पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने हमला कर दिया। पहले मिर्ची पाउडर फेंका गया और फिर डंडों व चाकू से ताबड़तोड़ वार किए गए।
हमले में व्यवसायी पर 50 से अधिक बार चाकू से वार किया गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनके साथी किसी तरह जान बचाकर भागने में सफल रहे।
वारदात के बाद आरोपियों ने लूटी गई नकदी आपस में बांट ली और फरार हो गए। पुलिस ने जांच के बाद सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
यह घटना पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल पैदा कर रही है।
