CG Crime : रायपुर/बलौदाबाजार : छत्तीसगढ़ के थाना कसडोल क्षेत्र के ग्राम खर्वे में फरवरी से मई 2026 के बीच 8 लोगों की संदिग्ध मौतों के मामले ने बड़ा मोड़ ले लिया है। 06 जून 2026 को ग्रामीणों द्वारा SDOP कसडोल को आवेदन देकर गांव के ही निवासी रामसहाय जायसवाल पर संदेह जताया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी।
शव उत्खनन और फॉरेंसिक जांच से खुली परतें
पुलिस ने जांच के दौरान 7 शवों का उत्खनन कर पोस्टमार्टम के लिए मेकाहारा रायपुर भेजा, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने विस्तृत जांच की। सभी शवों के डीएनए, विसरा और अन्य सैंपल फॉरेंसिक जांच के लिए सुरक्षित रखे गए। एक मृतक का अंतिम संस्कार पहले ही परिजनों द्वारा कर दिया गया था।
तकनीकी और वैज्ञानिक जांच से मिला अहम सुराग
पुलिस ने ग्रामीणों से पूछताछ के साथ-साथ तकनीकी साक्ष्य भी जुटाए। इसी दौरान जानकारी मिली कि आरोपी ने चुहा मारने की दवा के नाम पर सुहागा (जहर) प्राप्त किया था। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने इन आरोपों से इनकार किया, लेकिन गहन पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार कर लिया।
कुत्ते पर परीक्षण के बाद शुरू हुई हत्या की श्रृंखला
जांच में सामने आया कि आरोपी ने सबसे पहले जहर का परीक्षण एक कुत्ते पर किया था। इसके बाद उसने एक-एक कर गांव के लोगों को निशाना बनाना शुरू किया।
फरवरी से मई तक 8 लोगों की हत्या का खुलासा
पुलिस जांच के अनुसार आरोपी ने अलग-अलग तारीखों पर शराब में सुहागा मिलाकर अपने परिचितों को दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।
- 06.02.2026 – बद्री की हत्या
- 20.02.2026 – बुठालू की हत्या
- 12.03.2026 – छत्तू राम की हत्या
- 20.03.2026 – बुधराम की हत्या
- 31.03.2026 – विनोद कुमार की मौत
- 28.04.2026 – गजानंद की हत्या
- 29.04.2026 – चैतूराम की हत्या
- 14.05.2026 – महेतरू राम की हत्या
- एक मामला (कार्तिक) – हत्या का प्रयास, पीड़ित अस्पताल में भर्ती रहा
पुरानी रंजिश और अंधविश्वास बनी वजह
जांच में सामने आया कि आरोपी ने इन हत्याओं को पुरानी रंजिश, आपसी विवाद, गाली-गलौज, आर्थिक लेन-देन, चरित्र संदेह और अंधविश्वास जैसी वजहों के चलते अंजाम दिया। कुछ मामलों में उसने खुद पर ‘टोना-टोटका’ का शक होने की बात भी कही।
पुलिस को गुमराह करने की कोशिश, फिर स्वीकार किया अपराध
शुरुआत में आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ के दौरान उसने सभी घटनाओं को स्वीकार कर लिया।
उच्च अधिकारियों की निगरानी में हुई जांच
इस पूरे मामले की जांच IG रायपुर के मार्गदर्शन में, पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और SDOP कसडोल के नेतृत्व में की गई। साइबर और स्थानीय पुलिस टीमों ने संयुक्त रूप से इस जटिल मामले को सुलझाया।
आरोपी गिरफ्तार, 9 मामलों में केस दर्ज
पुलिस ने आरोपी रामसहाय जायसवाल (उम्र 46 वर्ष, निवासी पुराना खर्वे) को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ 8 हत्या और 1 हत्या के प्रयास सहित कुल 9 मामले दर्ज किए गए हैं। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है और सभी साक्ष्यों का परीक्षण किया जा रहा है।
