बिलासपुर जिले में छात्र सुरक्षा, सड़क सुरक्षा और शैक्षणिक परिसरों को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने चेतना भवन में जिले के सभी स्कूलों और कॉलेजों के प्रबंधकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में छात्र सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए।
बैठक में विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा गया कि सड़क पर आवागमन के दौरान ट्रैफिक नियमों का पालन, हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग, जेब्रा क्रॉसिंग से सड़क पार करना तथा सुरक्षित यातायात व्यवहार अपनाना अनिवार्य है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा के संबंध में सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
यातायात पुलिस ने बैठक में नए कानूनी प्रावधानों, ट्रैफिक नियमों, भारी जुर्माने और सुरक्षित वाहन संचालन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। संस्था प्रमुखों को विद्यार्थियों को नियमित रूप से सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने, हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग को बढ़ावा देने तथा वैध ड्राइविंग लाइसेंस के महत्व से अवगत कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि स्कूलों और कॉलेजों के भीतर तथा आसपास का वातावरण पूरी तरह नशामुक्त रखा जाए। इस दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के जिला संगठक शितेष जैन, विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों के कार्यक्रम अधिकारी तथा प्रबंधन समिति के सदस्य उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सभी संस्था प्रमुखों ने पुलिस प्रशासन की इस पहल में पूर्ण सहयोग देने का संकल्प लिया।
