रायपुर, 27 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ को बाल विवाह मुक्त बनाने के लिए राज्य सरकार ने एक बड़ी पहल करते हुए 100 दिवसीय जन-जागरण अभियान की शुरुआत की है। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय ‘बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़-जन संवाद’ कार्यक्रम में बाल विवाह मुक्ति रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अभियान के माध्यम से प्रदेश के गांव-गांव तक पहुंचकर लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि बाल विवाह केवल एक सामाजिक कुप्रथा नहीं, बल्कि बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और उनके भविष्य के सपनों को प्रभावित करने वाली गंभीर चुनौती है। बच्चों को पढ़ने, आगे बढ़ने और अपनी पसंद से जीवन की राह चुनने का अवसर देना परिवार और समाज की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बाल विवाह रोकने के लिए सरकार के प्रयासों के साथ समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी भी जरूरी है।
बच्चों ने साझा किए बाल विवाह रोकने के अनुभव
अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह निषेध दिवस और ‘बाल विवाह मुक्त भारत अभियान’ के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बाल विवाह की रोकथाम, बच्चों के अधिकारों और सामाजिक भागीदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।
कार्यक्रम में बाल प्रहरियों ने बाल विवाह रोकने के लिए किए गए अपने प्रयासों और अनुभवों को साझा किया। बाल विवाह रोकने में साहस और जागरूकता का परिचय देने वाले बच्चों को सम्मानित भी किया गया। इस दौरान मंत्री ने उपस्थित लोगों को बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ बनाने की सामूहिक शपथ दिलाई।
800 से अधिक बाल विवाह रुकवाए गए
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 27 नवंबर 2024 को शुरू किया गया ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार भी इस दिशा में लगातार काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 10 मार्च 2024 को ‘बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान’ की शुरुआत की गई थी। इसके तहत पंचायतों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्थानीय प्रशासन और सामाजिक संगठनों के सहयोग से गांव-गांव में जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
अभियान के सकारात्मक परिणाम भी सामने आए हैं। बालोद जिले की 436 ग्राम पंचायतों और 9 नगरीय निकायों को बाल विवाह मुक्त होने का प्रमाणपत्र दिया गया है। वहीं सूरजपुर जिले की 75 ग्राम पंचायतों को भी बाल विवाह मुक्त घोषित किया गया है। मंत्री ने बताया कि सूचना मिलने पर प्रदेश में अब तक 800 से अधिक बाल विवाह रुकवाए गए हैं। बच्चों की सहायता और सुरक्षा के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 भी सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है।
वर्ष 2030 तक बाल विवाह मुक्त भारत बनाने का लक्ष्य
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, नोनी सुरक्षा योजना और महतारी वंदन योजना जैसी योजनाएं बेटियों और महिलाओं को आगे बढ़ने के अवसर प्रदान कर रही हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि बाल विवाह की जानकारी मिलने पर चुप रहने के बजाय तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना दें और इसकी रोकथाम में सहयोग करें।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2030 तक छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश को बाल विवाह मुक्त बनाने का लक्ष्य सामूहिक संकल्प, सामाजिक जागरूकता और निरंतर प्रयासों से पूरा किया जा सकता है।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रमुख सचिव शहला निगार ने प्रदेश में बाल विवाह की स्थिति और रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। ओम प्रकाश पाल ने राष्ट्रीय स्तर पर बाल विवाह रोकथाम के कार्यों पर विचार रखे। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के विशेष प्रतिवेदक धनंजय टिंगल ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने बाल अधिकारों की सुरक्षा और बाल विवाह उन्मूलन में आयोग की भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा, विधायक श्रीमती उद्धेश्वरी पैकरा सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
