रायपुर, 27 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के जनजातीय अंचलों में विकास को गति देने और पारंपरिक संस्कृति के संरक्षण की दिशा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बलरामपुर-रामानुजगंज जिले को बड़ी सौगात दी है। वाड्रफनगर विकासखंड के रघुनाथनगर स्थित शासकीय हाई स्कूल मैदान में आयोजित करमा महोत्सव में मुख्यमंत्री ने 71 करोड़ 48 लाख रुपये की लागत के 694 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। इनमें 54 करोड़ 21 लाख रुपये के 672 कार्यों का भूमिपूजन तथा 17 करोड़ 27 लाख रुपये के 22 कार्यों का लोकार्पण शामिल है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और परंपराएं हमारी अमूल्य धरोहर हैं। करमा महोत्सव लोकआस्था, प्रकृति के प्रति सम्मान और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है। राज्य सरकार इन परंपराओं के संरक्षण के साथ दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का संकल्प है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
रकसगंडा बनेगा पर्यटन केंद्र, वाड्रफनगर को मिलेंगी नई सुविधाएं
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने क्षेत्र के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने वाड्रफनगर में उप पंजीयक कार्यालय भवन बनाने, रघुनाथनगर और बरतीकला में मंगल भवन निर्माण तथा ग्राम पंचायत महेवा में विद्युत सब स्टेशन स्थापित करने की घोषणा की। इसके अलावा प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण रकसगंडा को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। वाड्रफनगर में अधूरे नगर वन पार्क का निर्माण कार्य भी पूरा कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री द्वारा लोकार्पित और भूमिपूजन किए गए प्रमुख कार्यों में भगवानपुर से मेंढ़ारी तथा डिण्डो-विमलापुर-नावाडीह सड़क निर्माण, सात नल-जल योजनाएं, रामानुजगंज अस्पताल में डायलिसिस यूनिट, 12 आंगनबाड़ी भवन, राजपुर में एसडीएम कार्यालय भवन और चान्दो में तहसील कार्यालय भवन शामिल हैं। इन परियोजनाओं से सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और प्रशासनिक सुविधाओं का विस्तार होगा।
21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले किसानों को भी मिलेगी पूरी सहायता राशि
मुख्यमंत्री ने किसानों के हितों को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि प्रदेश में किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदा जा रहा है। धान खरीदी को सुविधाजनक बनाने के लिए इस वर्ष 360 नए खरीदी केंद्र भी शुरू किए गए हैं।
उन्होंने कृषक उन्नति योजना को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए कहा कि किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की पूरी आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। जिन किसानों ने प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचा है, उन्हें भी पूरी सहायता राशि का लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और खेती को लाभकारी बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।
68 लाख से अधिक महिलाओं को मिल रहा महतारी वंदन योजना का लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं का आर्थिक सशक्तीकरण प्रदेश की समृद्धि का आधार है। महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की 68 लाख से अधिक महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये दिए जा रहे हैं। इससे महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याण को केंद्र में रखकर काम कर रही है। सुशासन एवं अभिसरण विभाग के माध्यम से प्रशासनिक व्यवस्थाओं को अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
बुजुर्गों के लिए शुरू हुआ विशेष वृद्धजन क्लिनिक
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन की अभिनव पहल ‘वृद्धजन क्लिनिक’ का शुभारंभ किया। स्वस्थ वृद्ध, खुशहाल जीवन के उद्देश्य से शुरू किए गए इस क्लिनिक में वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग पंजीयन काउंटर, चिकित्सकीय जांच और विशेषज्ञ परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
यहां जेरियाट्रिक फिजियोथेरेपी, इन्फ्रारेड थेरेपी, मसाज चेयर और आयुष चिकित्सा पद्धति के अंतर्गत शिरोधारा जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी। इससे बुजुर्गों को अलग-अलग स्वास्थ्य सेवाओं के लिए विभिन्न स्थानों पर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और एक ही जगह पर समुचित उपचार मिल सकेगा।
मेगा स्वास्थ्य शिविर में 7,259 लोगों को मिली विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा
करमा महोत्सव के अवसर पर आयोजित मेगा स्वास्थ्य शिविर में कुल 7,259 लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिला। मुख्यमंत्री ने दूरस्थ अंचलों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध कराने की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि विशेषकर महिलाओं को अपने क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलना महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री ने शिविर में सेवाएं देने वाले चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के सेवाभाव की प्रशंसा की।
‘बालभोग’ नवाचार से कुपोषण के खिलाफ लड़ाई
कार्यक्रम में कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने जिले में संचालित विकास कार्यों और नवाचारों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बच्चों में कुपोषण दूर करने के लिए जिले में ‘बालभोग’ नवाचार शुरू किया गया है। इसके तहत ग्रामीण महिलाएं रागी, सत्तू और श्रीअन्न से पौष्टिक लड्डू तैयार करती हैं।
पोषण सखियां घर-घर जाकर कुपोषित बच्चों को अपने सामने पौष्टिक लड्डू खिलाती हैं और उनकी पोषण संबंधी प्रगति का नियमित रिकॉर्ड रखती हैं। इस पहल से बच्चों के पोषण में सुधार के साथ ग्रामीण महिलाओं की भागीदारी और आजीविका को भी बढ़ावा मिल रहा है।
कार्यक्रम में सरगुजा सांसद चिंतामणी महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तीकरण और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के क्षेत्र में कार्य किए जा रहे हैं। प्रतापपुर विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ने भी जनजातीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों में विकास कार्यों की जानकारी दी।
इस अवसर पर पूर्व गृहमंत्री एवं वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा, संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गा, आईजी दीपक झा, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरामुनि निकुंज, जनपद पंचायत वाड्रफनगर की अध्यक्ष शशि सिंह पोर्ते सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
