रायपुर, 27 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) में अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि आयोग के अध्यक्ष की नियुक्ति जल्द की जाएगी। साथ ही प्रदेश के युवाओं को सरकारी नौकरियों में अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए जल्द ही नए पदों पर भर्ती के विज्ञापन जारी किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान CGPSC की वार्षिक परीक्षा कैलेंडर और अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता युवाओं को रोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराना है।
रिक्त सरकारी पदों पर भर्ती प्रक्रिया को मिलेगी गति
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न शासकीय विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया को गति देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। युवाओं को सरकारी सेवाओं में अवसर देने के उद्देश्य से जल्द ही नए पदों के लिए वैकेंसी निकाली जाएगी।
उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य और उनके हितों को ध्यान में रखते हुए सरकार आवश्यक कदम उठा रही है। CGPSC अध्यक्ष की नियुक्ति के साथ ही भर्ती प्रक्रिया को लेकर युवाओं की उम्मीदें भी जुड़ी हुई हैं।
