छत्तीसगढ़ में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच राहत भरी खबर सामने आई है। मौसम विभाग ने इस साल मानसून के समय से पहले पहुंचने की संभावना जताई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक मानसून इस बार सामान्य समय से करीब एक सप्ताह पहले दस्तक दे सकता है।
हर साल मानसून छत्तीसगढ़ में 10 से 15 जून के बीच पहुंचता है, लेकिन इस बार इसके जल्दी आने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार मानसून 25 से 27 मई के बीच केरल पहुंच सकता है, जिसके बाद इसका असर मध्य भारत के राज्यों में भी तेजी से देखने को मिलेगा।
प्रदेश में फिलहाल भीषण गर्मी का दौर जारी है। दिन के साथ रात और सुबह के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। कई शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है।
प्रदेश का सबसे गर्म शहर दुर्ग रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रायपुर के लालपुर क्षेत्र में 41 डिग्री, माना एयरपोर्ट में 40.7 डिग्री और बिलासपुर में 40.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
इसके अलावा पेंड्रा रोड में 39.2 डिग्री, अंबिकापुर में 38 डिग्री और जगदलपुर में अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, जगदलपुर प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में दो तरह का मौसम देखने को मिल रहा है। कुछ इलाकों में भीषण गर्मी पड़ रही है, जबकि कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश भी हो रही है।
अगले पांच दिनों के दौरान बिलासपुर, सरगुजा और रायपुर संभाग के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं 16 मई से मध्य छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी की संभावना भी जताई है।
