West Bengal New Chief Minister Suvendu Adhikari : कोलकाता। पश्चिम बंगाल में भाजपा की भारी जीत के बाद सियासी समीकरण साफ हो गए हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता सुवेंदु अधिकारी को विधायक दल का नेता चुना गया है और वे राज्य के नए मुख्यमंत्री बनेंगे। गुरुवार को अमित शाह की मौजूदगी में हुई विधायक दल की बैठक में इस पर मुहर लग गई।
बीजेपी ने रचा इतिहास
भाजपा ने 293 सदस्यीय विधानसभा में 207 सीटें जीतकर इतिहास रच दिया है। इससे ममता बनर्जी के 15 साल लंबे शासन का अंत हो गया है। बंगाल में अब ‘दीदी’ के बाद ‘दादा’ का राज शुरू होने जा रहा है।
कौन हैं सुवेंदु अधिकारी?
सुवेंदु अधिकारी का जन्म 15 दिसंबर 1970 को पूर्वी मेदिनीपुर के एक राजनीतिक परिवार में हुआ था। उनके पिता शिशिर अधिकारी बंगाल की राजनीति में कद्दावर नेता रहे हैं। सुवेंदु ने राजनीतिक सफर की शुरुआत कांग्रेस की छात्र परिषद से की थी। 1995 में कांथी नगर पालिका के पार्षद चुने गए। बाद में वे तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुए और फिर भाजपा में आए। हाल के चुनाव में उन्होंने भवानीपुर सीट पर ममता बनर्जी को 15 हजार से ज्यादा वोटों से हराया था।
दो उपमुख्यमंत्री बन सकते हैं
सूत्रों के मुताबिक, राज्य में संतुलन बनाए रखने के लिए दो उपमुख्यमंत्री बनाए जा सकते हैं। इनमें एक महिला उपमुख्यमंत्री का होना लगभग तय माना जा रहा है।
शपथ ग्रहण की तैयारी
नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह जल्द ही होने वाला है। अमित शाह की मौजूदगी में हुई बैठक में पार्टी ने सुवेंदु अधिकारी को पूर्ण समर्थन दिया। भाजपा की इस जीत को बंगाल की राजनीति में एक बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।
