केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के बीच बुधवार देर शाम हुई अहम बैठक के बाद भारतीय जनता पार्टी के संगठन में बड़े बदलाव की चर्चाएं तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि पार्टी जल्द ही अपनी नई संगठनात्मक टीम की घोषणा कर सकती है।
सूत्रों के अनुसार, यह बैठक कई घंटों तक चली, जिसमें केंद्रीय संगठन के विभिन्न पदों पर नई नियुक्तियों और जिम्मेदारियों को अंतिम रूप देने पर चर्चा हुई। यह बैठक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंजाब दौरे और हाल ही में संपन्न विदेश दौरे के बाद आयोजित की गई।
इससे पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। इस दौरान उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई थी।
बताया जा रहा है कि नई संगठनात्मक टीम में अनुभवी नेताओं के साथ कई नए चेहरों को भी मौका मिल सकता है। पार्टी के केंद्रीय मीडिया प्रकोष्ठ सहित विभिन्न इकाइयों में भी नई नियुक्तियां होने की संभावना है।
राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा है कि संगठनात्मक फेरबदल के बाद केंद्रीय मंत्रिमंडल में भी बदलाव किया जा सकता है। कुछ मंत्रियों को संगठन की जिम्मेदारी मिलने के कारण रिक्त हुए पदों पर नए चेहरों को शामिल किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
पार्टी नेतृत्व महिलाओं, युवा नेताओं और विभिन्न क्षेत्रों के अनुभवी एवं विशेषज्ञ व्यक्तियों को संगठन में अधिक प्रतिनिधित्व देने पर भी विचार कर रहा है। माना जा रहा है कि संसद के मॉनसून सत्र से पहले संगठनात्मक पुनर्गठन की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
