छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में मिलावटखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्व विभाग की टीम ने संदिग्ध नकली मसालों की खेप पकड़ी है। यह कार्रवाई व्यापार विहार स्थित बालाजी मूवर्स एंड पैकर्स परिसर में की गई, जहां से लाखों रुपए का नकली “Everest” मसाला जब्त किया गया।
जानकारी के अनुसार, यह मसाला शहर की दुकानों में खपाने की तैयारी में था, लेकिन उससे पहले ही प्रशासन ने छापा मारकर पूरे स्टॉक को जब्त कर लिया। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम भी मौके पर मौजूद रही। संदिग्ध मसालों को जिस स्थान पर रखा गया था, उसे फिलहाल सील कर दिया गया है।
खास बात यह रही कि मौके पर मौजूद “एवरेस्ट” कंपनी के प्रतिनिधियों ने साफ किया कि जब्त किया गया मसाला उनकी कंपनी का नहीं है। इसके बाद अधिकारियों ने नकली उत्पाद तैयार करने वालों के खिलाफ केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई के बाद एक बड़ा सवाल भी खड़ा हो रहा है कि आखिर खाद्य सुरक्षा विभाग को पहले इस नकली मसाले की जानकारी क्यों नहीं मिली। फिलहाल राजस्व विभाग ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर ली है और मामले की जांच जारी है।
