राज्य शासन के निर्देश पर संचालित “सुशासन तिहार 2026” के तहत बलौदा बाजार जिले में जनसमस्या निवारण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे आम नागरिकों को सीधे लाभ मिल रहा है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लगाए जा रहे इन शिविरों में लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जा रहा है।
विकासखंड भाटापारा के मोपर, पलारी के ससहा, कसडोल के डेराडीह और नगर पंचायत पलारी में आयोजित शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं का लाभ वितरित किया गया। हितग्राहियों को राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, पीएम आवास की चाबी, स्पोर्ट्स किट, फलदार पौधे और अन्य सामग्री प्रदान की गई।
इन शिविरों में राजस्व मामलों जैसे नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन के साथ-साथ आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र, पेंशन, श्रम कार्ड, बिजली, पेयजल और अन्य योजनाओं से संबंधित आवेदनों का त्वरित निराकरण किया जा रहा है। प्रशासन का लक्ष्य है कि प्रत्येक आवेदन का अधिकतम एक महीने के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
शिविरों में केवल आवेदन लेने तक सीमित न रहकर पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। जिला स्तरीय अधिकारियों ने भी उपस्थित रहकर योजनाओं की जानकारी दी और लोगों को लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
इसी दौरान ‘सुशासन सेल्फी’ भी आकर्षण का केंद्र बना रहा, जहां ग्रामीण उत्साहपूर्वक फोटो खिंचवाते नजर आए। महिला एवं बाल विकास विभाग ने गर्भवती महिलाओं को सुपोषण किट वितरित की, जबकि स्वास्थ्य विभाग ने हेल्थ कैंप लगाकर जांच और ओआरएस की सुविधा उपलब्ध कराई।
