रायपुर। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में आज से “सुशासन तिहार 2026” की शुरुआत हो गई है। यह अभियान प्रशासन और आम जनता के बीच की दूरी कम करने और सरकारी सेवाओं को सीधे लोगों के दरवाजे तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुरू किया गया है।
1 मई से 10 जून तक चलेंगे शिविर
सुशासन तिहार के तहत 1 मई से 10 जून 2026 तक पूरे प्रदेश में जन समस्या निवारण शिविरों का आयोजन किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में 15 से 20 ग्राम पंचायतों के समूहों में, जबकि शहरी क्षेत्रों में वार्ड क्लस्टर के आधार पर ये शिविर लगाए जाएंगे।
सीएम करेंगे औचक निरीक्षण
अभियान के दौरान मुख्यमंत्री स्वयं विभिन्न जिलों का दौरा कर व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण और समीक्षा करेंगे, ताकि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।
मौके पर मिलेगा योजनाओं का लाभ
इन शिविरों में शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही लाभ वितरित किया जाएगा। साथ ही जन-जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग सरकारी योजनाओं से जुड़ सकें।
एक माह के भीतर होगा निराकरण
शिविरों में प्राप्त आवेदनों का अधिकतम एक माह के भीतर निराकरण करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा प्रत्येक आवेदक को उसकी शिकायत या आवेदन की स्थिति की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।
राज्य सरकार का कहना है कि “सुशासन तिहार 2026” के माध्यम से प्रशासनिक पारदर्शिता बढ़ेगी और आम नागरिकों को उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान मिल सकेगा।
