रायपुर। 1 मई 2026 से छत्तीसगढ़ समेत पूरे देश में कई महत्वपूर्ण नियमों में बदलाव लागू हो गए हैं, जिनका सीधा असर आम लोगों की जेब और रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ेगा। एलपीजी सिलेंडर की कीमत से लेकर एटीएम, ऑनलाइन पेमेंट और गेमिंग तक कई क्षेत्रों में नए नियम लागू किए गए हैं।
कमर्शियल LPG सिलेंडर हुआ महंगा
आज से 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में भारी बढ़ोतरी की गई है। अब इसकी कीमत 2,299 रुपये से बढ़कर 3,283 रुपये हो गई है। इस बढ़ोतरी का असर होटल, रेस्टोरेंट और छोटे व्यापारियों पर पड़ेगा।
ATM से कैश निकालना अब महंगा
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मंजूरी के बाद फ्री ट्रांजैक्शन लिमिट खत्म होने पर अब हर अतिरिक्त निकासी पर 21 रुपये की जगह 23 रुपये शुल्क देना होगा। हालांकि, अपने बैंक के एटीएम पर 5 और अन्य बैंकों के एटीएम पर मेट्रो शहरों में 3 तथा नॉन-मेट्रो में 5 फ्री ट्रांजैक्शन की सुविधा जारी रहेगी।
ऑनलाइन गेमिंग पर सख्ती
सरकार ने ऑनलाइन गेमिंग को लेकर सख्त कदम उठाते हुए नई निगरानी व्यवस्था लागू की है। गेम्स को मनी गेम्स, सोशल गेम्स और ई-स्पोर्ट्स जैसी श्रेणियों में बांटा गया है। अब पैसे से जुड़े गेम्स के लिए रजिस्ट्रेशन अनिवार्य होगा और लेनदेन पर कड़ी नजर रखी जाएगी।
LPG बुकिंग और डिलीवरी नियमों में बदलाव
एलपीजी बुकिंग और डिलीवरी प्रक्रिया को भी सख्त किया गया है। शहरों में अब सिलेंडर बुकिंग के बीच कम से कम 25 दिन का अंतर रखना होगा, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में यह अवधि 45 दिन तक हो सकती है। इसके अलावा डिलीवरी के समय ओटीपी आधारित सत्यापन प्रणाली को स्थायी बनाने की तैयारी है, जिससे सब्सिडी के दुरुपयोग पर रोक लगेगी।
इन नए नियमों के लागू होने से आम नागरिकों के खर्च में बढ़ोतरी होने की संभावना है, वहीं सरकार का उद्देश्य पारदर्शिता और व्यवस्था को बेहतर बनाना बताया जा रहा है।
