रायपुर, 16 सितंबर 2026। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने भैयाथान क्षेत्रवासियों को सड़क विकास की बड़ी सौगात दी है। उन्होंने 34 करोड़ 15 लाख रुपये से अधिक की लागत वाले दो महत्वपूर्ण सड़क निर्माण एवं उन्नयन कार्यों का कार्यप्रारम्भ पूजन किया। इन परियोजनाओं के पूरा होने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और अन्य आवश्यक सेवाओं तक लोगों की पहुंच बेहतर होगी।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि सड़कें विकास की जीवनरेखा हैं। बेहतर सड़क नेटवर्क से गांवों की कनेक्टिविटी मजबूत होती है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी गति मिलती है। उन्होंने अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने तथा निर्माण में गुणवत्ता के मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।
NH-43 से केंवरा तक 18 किमी सड़क का होगा चौड़ीकरण
प्रमुख परियोजना के तहत डुमरिया राष्ट्रीय राजमार्ग-43 से केंवरा मार्ग का चौड़ीकरण एवं उन्नयन किया जाएगा। करीब 30.41 करोड़ रुपये की लागत से 18 किलोमीटर लंबे मार्ग का निर्माण एवं उन्नयन होगा।
परियोजना में बिटुमिनस कंक्रीट एवं शोल्डर कार्य के साथ 6,570 मीटर नाली, 300 मीटर टो-वॉल, 140 मीटर रिटेनिंग वॉल, 8 एचपीसी और 7 स्लैब पुलियों का निर्माण किया जाएगा। सड़क के उन्नयन से NH-43 से जुड़े ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन और कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
झम्मनपारा में 3.20 किमी सड़क निर्माण
दूसरी परियोजना के तहत झम्मनपारा में दर्रीपारा-दनौली मार्ग से 3.20 किलोमीटर सड़क का निर्माण किया जाएगा। इस कार्य के लिए 374.76 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है।
परियोजना में 3.20 किलोमीटर सड़क के साथ 0.90 किलोमीटर सीसी रोड, 1,200 मीटर नाली, 90 मीटर रिटेनिंग वॉल और 6 एचपीसी पुलियों का निर्माण किया जाएगा। इससे स्थानीय ग्रामीणों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी।
सेवा संकल्प अभियान में भागीदारी की अपील
कार्यक्रम के दौरान मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने क्षेत्रवासियों से सेवा संकल्प अभियान से सक्रिय रूप से जुड़ने की अपील की। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य सेवा, जनभागीदारी और जनकल्याण की भावना को मजबूत करना है।
उन्होंने नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं, महिलाओं और सामाजिक संगठनों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
