बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में कथित शराब घोटाले की जांच के बीच प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिलासपुर और दुर्ग में छापेमारी की है। इस दौरान बिलासपुर में सर्राफा कारोबारी से जुड़े ठिकानों से भारी मात्रा में सोना-हीरे और नकदी बरामद की गई है।
17 किलो सोना और हीरे के आभूषण जब्त
जानकारी के मुताबिक, फरार आरोपी विकास अग्रवाल के भाई विवेक अग्रवाल के ठिकानों पर दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान ED टीम ने करीब 17 किलो सोना, हीरों के हार और बड़ी मात्रा में नकदी जब्त की है।
शराब घोटाले से जुड़ी जांच
बताया जा रहा है कि यह पूरी कार्रवाई राज्य में सामने आए शराब घोटाले की जांच के तहत की गई है। ED लगातार इस मामले में जुड़े लोगों और नेटवर्क की जांच कर रही है।
अन्य ठिकानों पर भी कार्रवाई जारी
सूत्रों के अनुसार, बिलासपुर के साथ-साथ दुर्ग में भी संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की गई है। जांच एजेंसी अब जब्त किए गए दस्तावेजों और संपत्तियों की पड़ताल कर रही है, ताकि पूरे मामले की परतें खोली जा सकें।
ED की इस कार्रवाई के बाद प्रदेश में हड़कंप मच गया है और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासों की संभावना जताई जा रही है।
