रायपुर । विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ विधानसभा परिसर में आयोजित तीन दिवसीय स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर चरणदास महंत, श्याम बिहारी जायसवाल सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने शिविर में स्वयं स्वास्थ्य जांच कराकर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान जीवनशैली में शारीरिक गतिविधियों में कमी के कारण विभिन्न बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं, ऐसे में नियमित स्वास्थ्य परीक्षण बेहद जरूरी हो गया है।
उन्होंने कहा कि समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने से व्यक्ति समय रहते सतर्क होकर आवश्यक सावधानी अपना सकता है और गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि स्वस्थ नागरिक ही सशक्त समाज और समृद्ध राज्य की नींव होते हैं।
मुख्यमंत्री साय ने रमन सिंह द्वारा शुरू की गई इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर लोगों को न केवल जागरूक करते हैं, बल्कि उन्हें अपने स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदार बनने के लिए भी प्रेरित करते हैं।
इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया, संचालक स्वास्थ्य संजीव कुमार झा, सीजीएमएससी के प्रबंध संचालक रितेश अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
