Indian Team Announced T20 WC Squad: मुंबई। आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने 15 सदस्यीय भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है। चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर की अध्यक्षता में बीसीसीआई मुख्यालय में हुई बैठक के बाद टीम को अंतिम रूप दिया गया। सूर्यकुमार यादव को एक बार फिर टीम इंडिया की कप्तानी सौंपी गई है, जबकि अक्षर पटेल को उपकप्तान बनाया गया है।
भारतीय टीम इस बार खिताब बचाने के इरादे से मैदान में उतरेगी। साल 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर टी20 विश्व कप जीता था। यह टूर्नामेंट का 10वां संस्करण होगा और अब तक कोई भी टीम अपने खिताब का सफलतापूर्वक बचाव नहीं कर पाई है। ऐसे में घरेलू परिस्थितियों में खेल रही टीम इंडिया के पास इतिहास रचने का सुनहरा मौका होगा।

शुभमन गिल को बड़ा झटका
टीम चयन में सबसे बड़ा फैसला शुभमन गिल को बाहर रखने का रहा। खराब टी20 फॉर्म के चलते न केवल उन्हें स्क्वाड से बाहर किया गया, बल्कि उपकप्तानी की जिम्मेदारी भी उनसे छीन ली गई। उनकी जगह ऑलराउंडर अक्षर पटेल को उपकप्तान बनाया गया है।
ईशान किशन और रिंकू सिंह की वापसी
विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन और विस्फोटक बल्लेबाज रिंकू सिंह ने टीम में जोरदार वापसी की है। हाल ही में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी फाइनल में ईशान किशन के शतक ने चयनकर्ताओं को खासा प्रभावित किया था, जिसका उन्हें सीधा फायदा मिला।

अनुभव और युवाओं का संतुलन
टीम में हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह और कुलदीप यादव जैसे अनुभवी खिलाड़ियों के साथ युवा चेहरों का भी अच्छा संतुलन रखा गया है। यही टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ प्रस्तावित पांच मैचों की टी20 सीरीज में भी हिस्सा लेगी।

भारतीय टीम (स्क्वाड)
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या, ईशान किशन, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल (उपकप्तान), वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा।
