Avatar Fire and Ash Box Office: हॉलीवुड की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘अवतार: फायर एंड ऐश’ आखिरकार सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। साल 2022 में आए दूसरे पार्ट के बाद फैंस को इस बार ज्यादा लंबा इंतजार नहीं करना पड़ा और 2025 के अंत में फ्रेंचाइजी का तीसरा चैप्टर दर्शकों के सामने आ गया। हालांकि, रिलीज के साथ ही यह साफ हो गया कि इस बार फिल्म को वह जबरदस्त रिस्पॉन्स नहीं मिल पा रहा है, जो पिछले हिस्सों को मिला था।
भारत में कैसा रहा ओपनिंग डे कलेक्शन?
पिछले कुछ सालों में हॉलीवुड फिल्मों ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया है। 2025 में रिलीज हुई जुरासिक वर्ल्ड रीबर्थ, F1 और द कॉन्ज्यूरिंग जैसी फिल्मों ने 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर दर्शकों को चौंका दिया। ऐसे में अवतार फ्रेंचाइजी के तीसरे पार्ट से भी बड़ी उम्मीदें थीं।

लेकिन सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, अवतार: फायर एंड ऐश ने भारत में ओपनिंग डे पर करीब 20 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। किसी भी इंग्लिश फिल्म के लिए यह आंकड़ा ठीक माना जा सकता है, लेकिन अवतार जैसी मेगा फ्रेंचाइजी के स्तर पर देखें तो यह कमाई फीकी नजर आती है। साल 2022 में रिलीज हुए दूसरे पार्ट ‘अवतार: द वे ऑफ वॉटर’ ने भारत में पहले दिन ही 40 करोड़ रुपये से ज्यादा का बिजनेस किया था।
क्यों कमजोर दिख रहा है तीसरे पार्ट का असर?
तीन साल के अंतराल में रिलीज होने के बावजूद अवतार 3 सिनेमाघरों में पहले जैसा माहौल बनाने में कामयाब नहीं हो पाई है। न तो यह अपने दूसरे पार्ट की ओपनिंग से मुकाबला कर पा रही है और न ही पहले पार्ट के चार्म को छूती नजर आ रही है। इसका साफ मतलब है कि दर्शकों पर इस बार फिल्म का प्रभाव अपेक्षा से कम रहा है।

हालांकि, यह भी सच है कि अवतार फ्रेंचाइजी की मजबूत फैन फॉलोइंग और पिछले दो हिस्सों की सफलता तीसरे पार्ट को आगे चलकर मजबूती दे सकती है। रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म का बजट 2000 से 3000 करोड़ रुपये के बीच बताया जा रहा है, ऐसे में मेकर्स को आने वाले दिनों में बेहतर कलेक्शन की उम्मीद है।
वर्ल्डवाइड कलेक्शन का हाल
अगर अवतार 3 के वर्ल्डवाइड कलेक्शन की बात करें तो रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म ने पहले दिन करीब 500 करोड़ रुपये की कमाई की है। यह आंकड़ा छोटा नहीं है, लेकिन फिर भी पिछले पार्ट की ओपनिंग से कम माना जा रहा है। भारी-भरकम बजट को देखते हुए फिल्म के लिए शुरुआती हफ्ता बेहद अहम होगा, ताकि यह जल्द से जल्द अपनी लागत वसूल सके।

