महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने सूरजपुर जिले के ओड़गी विकासखंड में धरसेड़ी–कर्री–कुप्पी मार्ग पर लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्माणाधीन सड़क एवं पुलिया का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, उपयोग की गई सामग्री और संपूर्ण प्रक्रिया का बारीकी से मूल्यांकन किया।
मानकों के पालन में लापरवाही उजागर, मंत्री ने दी कड़ी फटकार
निरीक्षण में पाया गया कि सड़क के कई हिस्सों में निर्माण मानकों का सही पालन नहीं किया गया है तथा कार्य अभी भी अधूरा है। इस पर मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने विभागीय अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
सड़क व पुलिया का पुनः निर्माण गुणवत्ता के साथ करने के आदेश
मंत्री ने संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को—
- पूरे मार्ग का पुनः निर्माण
- मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करने
- निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने
के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कें आमजन की जीवनरेखा हैं। इन्हीं मार्गों पर एम्बुलेंस सेवा, बच्चों की स्कूल पहुँच, दैनंदिन आवागमन और आवश्यक सुविधाओं की निर्भरता होती है। ऐसे में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण भी रहे उपस्थित
निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, ओड़गी क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
