पवित्र श्रावण माह में कबीरधाम जिले में आयोजित होने वाले प्रसिद्ध भोरमदेव सरस मेला में इस वर्ष लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने सभी श्रद्धालुओं और दुकानदारों से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 का पालन करने की अपील की है। उन्होंने मेले की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए सभी से सक्रिय सहयोग की अपेक्षा की।
उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि भोरमदेव धाम प्रदेश की आस्था, संस्कृति और प्राकृतिक धरोहर का महत्वपूर्ण केंद्र है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन के बीच सभी की जिम्मेदारी है कि इस पवित्र स्थल को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बनाए रखें, ताकि इसकी प्राकृतिक सुंदरता और पर्यावरण सुरक्षित रह सके।
उन्होंने कहा कि प्रयास होना चाहिए कि संभागीय सरस मेला और पूरा भोरमदेव परिसर प्लास्टिक मुक्त बने। इसके लिए प्लास्टिक की जगह कपड़े या जूट के थैलों का उपयोग किया जाए। दुकानदारों और शिविर संचालकों से गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखने तथा कचरे को केवल निर्धारित कचरा वाहन या कचरा पात्र में डालने की अपील की गई। वहीं श्रद्धालुओं से घर से कपड़े का थैला और पानी की बोतल साथ लाने तथा खुले में कचरा नहीं फेंकने का आग्रह किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने ग्रामीणों, स्व-सहायता समूह की महिलाओं, मितानिनों और स्वच्छाग्रहियों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के पालन की शपथ दिलाई। सभी ने कचरे का पृथक्करण करने, प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने तथा अपने गांव और भोरमदेव धाम को स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प लिया। साथ ही उपस्थित जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने कबीरधाम जिले को प्लास्टिक मुक्त बनाने तथा लोगों को इसके प्रति जागरूक करने का भी संकल्प लिया।
