पुलिस ने बदमाशों का निकाला जुलूस, अदालत में पेश कर भेजा जेल
भिलाई में पुरानी रंजिश के चलते मंगलवार रात चाकूबाजी की गंभीर घटना सामने आई। छावनी थाना क्षेत्र में जेल से हाल ही में बाहर आए बदमाश ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर दो युवकों पर हमला कर दिया। घटना रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी शेख शाहरूख समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों का इलाके में जुलूस निकाला और सार्वजनिक तौर पर उठक-बैठक भी करवाई। बाद में सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया।
घूमने निकले युवकों पर अचानक हमला
पुलिस के मुताबिक घायल दोनों युवक आपस में दोस्त हैं। वे रात में खाना खाने के बाद इलाके में घूमने निकले थे। इसी दौरान शेख शाहरूख अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और दोनों पर चाकू से हमला कर दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुरानी गवाही को लेकर था विवाद
जांच में सामने आया है कि आरोपी और पीड़ितों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि दोनों युवकों ने किसी पुराने मामले में शेख शाहरूख के खिलाफ गवाही दी थी, जिसके बाद से वह उनसे रंजिश रखता था।
हाल ही में जेल से बाहर आने के बाद आरोपी ने बदला लेने की योजना बनाई और अपने साथियों के साथ वारदात को अंजाम दिया।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
घटना के बाद छावनी पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की। जांच के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस की कार्रवाई के दौरान आरोपियों का मोहल्ले में निकाला गया जुलूस देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।
