खेल मंत्री टंक राम वर्मा का कांग्रेस पर हमला, न्याय यात्रा को बताया बेअसर
रायपुर। छत्तीसगढ़ के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री टंक राम वर्मा ने कांग्रेस पार्टी पर एक बार फिर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कांग्रेस में जिला अध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर कहा कि उनकी पार्टी में “गुजरात फॉर्मेट” से नियुक्तियां हो रही हैं, जो पूरी तरह अलोकतांत्रिक है। मंत्री वर्मा ने कहा, “हमारी पार्टी में नीचे से ऊपर तक लोकतांत्रिक प्रक्रिया से नेतृत्व का चयन होता है, जबकि कांग्रेस में ऊपर से थोपने की परंपरा है।”
न्याय यात्रा पर कसा तंज
कांग्रेस की न्याय यात्रा पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री वर्मा ने कहा, “इससे पहले भारत जोड़ो यात्रा निकाली गई थी, लेकिन उसका कोई असर नहीं हुआ। अब ये न्याय यात्रा निकाल रहे हैं, लेकिन इसका भी कोई परिणाम नहीं निकलेगा। कांग्रेस खुद बिखर चुकी है, उन्हें पहले अपनी पार्टी को जोड़ने की ज़रूरत है।”
दुष्कर्म की घटनाओं पर जताई संवेदना
प्रदेश में बढ़ रहे अपराधों, विशेषकर दुष्कर्म की घटनाओं पर मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा, “ये बहुत ही संवेदनशील और दुखद घटनाएं हैं। सरकार किसी भी दोषी को बख्शेगी नहीं, दोषियों पर सख्त और त्वरित कार्रवाई होगी।”
प्रधानमंत्री आवास सर्वे अभियान पर बोले मंत्री
प्रधानमंत्री आवास योजना के सर्वे अभियान पर बात करते हुए उन्होंने कहा, “कुछ असल जरूरतमंद लोग अब तक आवास से वंचित हैं, वहीं कुछ अपात्र लोग इसका लाभ ले चुके हैं। इस पर व्यापक जांच होगी और हर योग्य व्यक्ति को आवास योजना का लाभ दिलाया जाएगा।”
मंत्री के इन बयानों से छत्तीसगढ़ की सियासत एक बार फिर गर्मा गई है। कांग्रेस की न्याय यात्रा और संगठनात्मक बदलाव को लेकर अब सत्तारूढ़ पार्टी की नजरें भी टिकी हुई हैं।
