छत्तीसगढ़ के दुर्ग में महापौर अल्का बाघमार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वह इंदिरा मार्केट क्षेत्र में सड़क किनारे ठेला लगाने वाले व्यक्ति पर नाराजगी जताते हुए सख्त लहजे में चेतावनी देती नजर आ रही हैं।
बताया जा रहा है कि यह घटना कुआं चौक के पास की है, जहां सड़क किनारे ठेले लगने से आवागमन प्रभावित हो रहा था। इसी दौरान महापौर ने मौके पर पहुंचकर ठेला संचालक को हटाने के निर्देश दिए। वीडियो में उनका तीखा रुख देखने को मिला, जिस पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रिया सामने आई है।
कुछ लोगों ने महापौर के व्यवहार पर सवाल उठाए हैं, जबकि अन्य इसे यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी सख्ती बता रहे हैं।
विवाद बढ़ने पर महापौर ने सफाई देते हुए कहा कि वायरल वीडियो हाल का नहीं, बल्कि करीब तीन महीने पुराना है। उन्होंने बताया कि उक्त स्थान पर शाम के समय भारी भीड़ रहती है, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है। इसी कारण व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई की गई थी।
