सुशासन तिहार के तहत आयोजित जनसमस्या निवारण शिविरों से आम लोगों को राहत और सुविधाएं मिल रही हैं। शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ लोगों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है, जिससे जनसामान्य में भी जागरूकता बढ़ रही है।
इसी क्रम में राजनांदगांव शहर के शंकरपुर स्कूल में वार्ड क्रमांक 7, 9 और 10 के लिए आयोजित शिविर में पहुंचीं पुष्पकला मेश्राम ने निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा मिलने पर खुशी जताई।
उन्होंने बताया कि वे लंबे समय से शुगर और ब्लड प्रेशर की समस्या से परेशान थीं, लेकिन डॉक्टर के पास जाकर नियमित इलाज नहीं करा पा रही थीं। शिविर में मौजूद मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसमें शुगर और ब्लड प्रेशर की जांच की गई।
डॉक्टरों ने उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी और समय पर दवा लेने की सलाह भी दी।
पुष्पकला मेश्राम ने सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार गरीब और जरूरतमंद लोगों का ध्यान रख रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों में निःशुल्क इलाज मिलने से लोगों को बड़ी सुविधा हो रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि शिविरों के माध्यम से लोगों को शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी मिल रही है और आयुष्मान भारत योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन तथा अन्य योजनाओं का लाभ भी नागरिकों तक पहुंच रहा है।
