छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना पांडातराई थाना क्षेत्र के गड़ई गांव के पास हाफ नदी के पुल के नजदीक हुई, जहां तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी।
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल भेजा गया, जहां से उन्हें गंभीर स्थिति में निजी अस्पताल रेफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार, सभी युवक रायपुर के बिरगांव क्षेत्र के निवासी थे और पंडरिया में एक शादी समारोह से लौट रहे थे। कार में कुल छह लोग सवार थे। मृतकों की पहचान अरमान खान, सौंफ, अनस और कौनेन के रूप में हुई है, जबकि जुनैद रज़ा और आरज़ू खान गंभीर रूप से घायल हैं।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। इस घटना के बाद मृतकों के परिवारों में शोक का माहौल है।
