छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में स्थित Vedanta Limited के पावर प्लांट में हुए भीषण बॉयलर ब्लास्ट ने पूरे देश को झकझोर दिया है। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 20 मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि 30 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।
हादसे के बाद वेदांता ग्रुप के चेयरमैन Anil Agarwal ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति अपना दुख साझा किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर भावुक संदेश में लिखा, “इस हादसे से प्रभावित हर व्यक्ति मेरा परिवार है। आपके आंसू मेरे हैं, आपका दर्द मेरा है। हम हर तरह से आपके साथ हैं।”
अनिल अग्रवाल ने केवल संवेदना ही नहीं जताई, बल्कि यह भी स्पष्ट किया कि हादसे की पूरी जांच कराई जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी और जिम्मेदारियों को तय किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर सिंगीतराई गांव स्थित पावर प्लांट में बॉयलर ट्यूब फटने से जोरदार विस्फोट हुआ। धमाका इतना भीषण था कि कई मजदूर इसकी चपेट में आ गए। कुछ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य ने अस्पताल ले जाते समय या इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं।
