नई दिल्ली। भारतीय निर्वाचन आयोग (ECI) ने 10 राज्यों की 26 राज्यसभा सीटों पर उपचुनाव और द्विवार्षिक चुनावों का शेड्यूल जारी कर दिया है। इनमें महाराष्ट्र और तमिलनाडु की 2 सीटें इस्तीफों के कारण खाली हुई हैं, जबकि 24 सीटों पर जून-जुलाई में सदस्यों के कार्यकाल पूरा होने के बाद चुनाव होंगे।
महाराष्ट्र और तमिलनाडु में 18 जून को उपचुनाव
महाराष्ट्र में सुनेत्रा पवार और तमिलनाडु में सीवी शनमुगम के इस्तीफे के बाद दो सीटें खाली हुई हैं। निर्वाचन आयोग ने इन दोनों सीटों पर 18 जून को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराने और उसी दिन नतीजे घोषित करने की घोषणा की है। सुनेत्रा पवार का कार्यकाल 4 जुलाई 2028 तक था, जबकि शनमुगम का कार्यकाल 29 जून 2028 तक था।
24 सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव
इसके अलावा, जून-जुलाई में 24 राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। इन सीटों पर भी 18 जून को ही मतदान होगा। आयोग ने 1 जून को नोटिफिकेशन जारी करने और 8 जून को नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख तय की है। इन सीटों पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, जीडीएस सुप्रीमो एचडी देवेगौड़ा और अरुणाचल प्रदेश से नबाम रेबिया समेत कई प्रमुख नेता रिटायर हो रहे हैं।

किन राज्यों में कितनी सीटें?
- आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और गुजरात — 4-4 सीटें
- मध्य प्रदेश और राजस्थान — 3-3 सीटें
- झारखंड — 2 सीटें
- अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, मणिपुर और मेघालय — 1-1 सीट
स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव पर जोर
निर्वाचन आयोग ने सभी राज्यों को स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति करने और चुनाव प्रक्रिया की सख्त निगरानी के निर्देश दिए हैं।
यह उपचुनाव और द्विवार्षिक चुनाव राज्यसभा में राजनीतिक समीकरणों को प्रभावित करने वाले अहम माने जा रहे हैं। खासकर खरगे और देवेगौड़ा जैसी बड़ी हस्तियों की सीटें खाली होने से विपक्षी दलों की रणनीति पर भी असर पड़ सकता है।
