Amanpreet Singh Gill Passes Away : नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। पंजाब के पूर्व तेज गेंदबाज और विराट कोहली के साथ अंडर-19 क्रिकेट खेल चुके अमनप्रीत सिंह गिल का 36 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। उनके अचानक निधन से क्रिकेट जगत और उनके चाहने वालों में शोक की लहर दौड़ गई है।
विराट कोहली के साथ अंडर-19 में दिखाया था दम
चंडीगढ़ से ताल्लुक रखने वाले अमनप्रीत सिंह गिल ने 2007 में श्रीलंका में आयोजित अंडर-19 ट्राई सीरीज में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। इसी टीम में विराट कोहली और मनीष पांडे जैसे खिलाड़ी भी शामिल थे। उस टूर्नामेंट में अमनप्रीत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 मैचों में 9 विकेट लिए थे, जिसमें फाइनल मुकाबले में बांग्लादेश के खिलाफ उनका प्रदर्शन यादगार रहा।
घरेलू क्रिकेट और IPL से जुड़ा सफर
अमनप्रीत ने पंजाब की ओर से 6 फर्स्ट क्लास मैच भी खेले। वह इंडियन प्रीमियर लीग के शुरुआती दौर में किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) टीम का हिस्सा रहे, हालांकि उन्हें प्लेइंग इलेवन में खेलने का मौका नहीं मिल सका। बाद में उन्होंने पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (PCA) की चयन समिति में भी अपनी सेवाएं दीं।
PCA ने जताया गहरा शोक
पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। PCA ने कहा कि अमनप्रीत ने पंजाब क्रिकेट को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ योगदान दिया। एसोसिएशन ने उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है। संभावना है कि पंजाब किंग्स आने वाले मुकाबले में काली पट्टी बांधकर उन्हें श्रद्धांजलि दे सकती है।
क्रिकेट जगत में शोक की लहर
उनके निधन की खबर के बाद पूर्व खिलाड़ियों और क्रिकेट फैंस ने सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त किया है। युवा उम्र में उनके जाने से क्रिकेट जगत ने एक होनहार खिलाड़ी और समर्पित क्रिकेटर को खो दिया है।
