बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में बुधवार को एक बड़ा और दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें सात लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन मासूम बच्चे भी शामिल हैं। यह घटना बॉरिंग और लेडी कर्जन अस्पताल के पास उस समय हुई जब एक कंपाउंड की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दीवार बिना किसी चेतावनी के अचानक ढह गई और आसपास मौजूद लोग उसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत मलबा हटाने की कोशिश शुरू कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा और घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
