प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत कबीरधाम जिले के वनांचल क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को गति मिल रही है। योजना के माध्यम से मंगतूपूरा से गुड़ली बैगापारा तक 3 किलोमीटर लंबी पक्की सड़क का निर्माण 1 करोड़ 92 लाख 90 हजार रुपये की लागत से किया गया है।
पक्की सड़क बनने से वनांचल क्षेत्र के ग्रामीणों का आवागमन पहले की तुलना में अधिक सुगम और सुरक्षित हुआ है। खासकर बारिश के मौसम में कच्चे रास्तों के कारण होने वाली परेशानियों से ग्रामीणों को राहत मिली है।
बोड़ला अंचल के तरेगांव क्षेत्र के ग्रामीणों ने बताया कि प्रधानमंत्री जनमन योजना के जरिए दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में भी सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंच रही हैं। मंगतूपूरा से गुड़ली बैगापारा तक बनी सड़क क्षेत्र के विकास और बेहतर आवागमन की नई राह खोल रही है।
गुड़ली बैगापारा से तरेगांव जाने के लिए सुविधाजनक शॉर्टकट मार्ग भी तैयार हो गया है। ग्रामीणों के अनुसार पहले बारिश के दिनों में कच्चे रास्तों के कारण आवागमन में काफी परेशानी होती थी और दूरी तय करने में अधिक समय लगता था। अब पक्की सड़क बनने से यात्रा आसान और समय की बचत हो रही है।
इस सड़क का लाभ ग्रामीणों को दैनिक कार्यों के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य जरूरी कार्यों के लिए आने-जाने में भी मिल रहा है। वनांचल क्षेत्र में सड़क जैसी महत्वपूर्ण सुविधा उपलब्ध होने पर ग्रामीणों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया।
