रायपुर। राजधानी रायपुर में जीएसटी से जुड़ा एक बड़ा घोटाला सामने आया है। वस्तु एवं सेवा कर खुफिया महानिदेशालय (DGGI) ने फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) के जरिए करोड़ों की टैक्स चोरी करने वाले एक सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है।
जांच में सामने आया है कि “सृष्टि कंस्ट्रक्शन” नामक फर्म के माध्यम से करीब 27.80 करोड़ रुपये का फर्जी लेन-देन किया गया। इस पूरे मामले का मास्टरमाइंड रोहन तन्ना बताया जा रहा है।
फर्जी बिलिंग से करोड़ों की टैक्स चोरी
DGGI के अनुसार, आरोपियों ने बिना किसी वास्तविक माल की आपूर्ति के सिर्फ कागजी लेन-देन दिखाकर फर्जी बिल जारी किए। इस प्रक्रिया के जरिए 17.18 करोड़ रुपये का अवैध इनपुट टैक्स क्रेडिट खुद लिया गया, जबकि 10.62 करोड़ रुपये की फर्जी ITC अन्य फर्मों को पास कर दी गई।
यह पूरा मामला CGST अधिनियम, 2017 की धारा 132 के तहत संज्ञेय और गैर-जमानती अपराध की श्रेणी में आता है।
पहले भी सामने आ चुका है नाम
जांच एजेंसी के मुताबिक, रोहन तन्ना का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से रहा है। वर्ष 2021 में भी वह करीब 7 करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी के मामले में गिरफ्तार हो चुका था और फिलहाल जमानत पर बाहर था।
जांच जारी, बड़े एक्शन के संकेत
DGGI अधिकारियों का कहना है कि यह मामला CGST अधिनियम की धारा 16 का भी उल्लंघन है। फिलहाल पूरे नेटवर्क की गहन जांच जारी है और इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य व्यक्तियों और फर्मों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
इस खुलासे के बाद आने वाले दिनों में और बड़े एक्शन की संभावना जताई जा रही है।
