रायपुर, 9 जून 2026। राजधानी रायपुर के लोगों को 11 जून को पानी की समस्या का सामना करना पड़ सकता है। Chhattisgarh State Power Distribution Company Limited द्वारा रावणभाटा उपकेंद्र में 33 केवी लाइन के मेंटेनेंस और केबल कनेक्टिविटी कार्य के चलते शहर के कई क्षेत्रों में शाम की जलापूर्ति प्रभावित रहेगी।
नगर निगम के जल कार्य विभाग के अनुसार बिजली आपूर्ति बाधित रहने से 80 एमएलडी, न्यू 80 एमएलडी और 150 एमएलडी क्षमता वाले फिल्टर प्लांट कुछ समय के लिए बंद रहेंगे। इसके कारण 11 जून को सुबह नियमित जलापूर्ति के बाद संबंधित पानी टंकियों को नहीं भरा जा सकेगा, जिससे शाम की सप्लाई प्रभावित होगी। हालांकि 12 जून की सुबह से जलापूर्ति सामान्य होने की संभावना है।
इन 42 इलाकों में प्रभावित रहेगी पानी सप्लाई
डंगनिया, गंज, गुढ़ियारी, न्यू राजेंद्र नगर, श्याम नगर, तेलीबांधा, शंकर नगर, खमतराई, भनपुरी, भाठागांव, चंगोराभाठा, कुशालपुर, डीडी नगर, सरोना, टाटीबंध, कोटा, कबीर नगर, जरवाय, गोगांव, मठपुरैना, लालपुर, अमलीडीह, अवंति विहार, मंडी, मोवा, सड्डू, वल्दल सिवनी, रामनगर, कचना, आमासिवनी, देवपुरी, मोतीबाग, बोरियाखुर्द, जोरा, रायपुरा, कुकरबेड़ा, बैरन बाजार (नया), देवेन्द्र नगर (नया) और संजय नगर सहित कुल 42 क्षेत्रों में शाम की जलापूर्ति प्रभावित रहेगी।
क्यों बंद रहेगी सप्लाई?
जानकारी के अनुसार रावणभाटा सबस्टेशन में 33 केवी के 10 पोल स्ट्रक्चर को जोड़ने के लिए अंडरग्राउंड केबल बिछाई गई है। इस केबल को मुख्य लाइन से जोड़ने के लिए 11 जून को इनटेक वेल और फिल्टर प्लांट की बिजली सप्लाई बंद की जाएगी। इसके चलते तीन प्रमुख जल शोधन संयंत्रों का संचालन प्रभावित होगा और शहर के कई इलाकों में पानी की आपूर्ति बाधित रहेगी।
नगर निगम ने प्रभावित क्षेत्रों के नागरिकों से आवश्यकतानुसार पहले से पानी का भंडारण करने की अपील की है, ताकि जलापूर्ति बाधित रहने के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
